श्री जेटली ने पुस्तक के ई-प्रारूप का भी विमोचन किया
नई दिल्ली। सूचना और प्रसारण मंत्री अरूण जेटली ने आज यहाँ संदर्भ वार्षिकी- इंडिया-2016 और भारत-2016 का विमोचन किया। इस अवसर पर श्री जेटली ने कहा कि इंडिया-2016 में विस्तृत जानकारी दी गई है और संसद के उनके सहयोगियों के लिए यह पुस्तक बहुत उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि इंडिया-2016 में दी गई जानकारियां बहुत उपयोगी हैं और सबको इसे अवश्य पढ़ना चाहिए। विशेष रूप से पत्रकारों और राजनीतिज्ञों के लिए, मेरे विचार से यह बहुत जरूरी है। जो छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां कर रहे हैं आमतौर पर वे इसे जरूर खरीदते हैं क्योंकि हर साल इस पुस्तक की लाखों प्रतियां बिकती हैं।
प्रकाशन विभाग के डिजीटलीकरण के संबंध में उन्होंने कहा कि टैक्नोलॉजी ने जीवन को बहुत सरल बना दिया है और बहुत सी जानकारियां आसानी से मिल जाती हैं। श्री अरूण जेटली ने पुस्तक के ई-प्रारूप का भी विमोचन किया। संदर्भ वार्षिकी में देश के विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों सहित सरकार की कार्यप्रणाली और अर्थव्यवस्था की विस्तृत जानकारी है। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव सुनील अरोड़ा, विशेष सचिव जे एस माथुर, विभाग की अपर महानिदेशक डॉ0 साधना राउत और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।