केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री योग के प्रसार में मीडिया के योगदान के लिए कल देंगे पुरस्कार
नई दिल्ली / केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर 7 जनवरी, 2020 को नई दिल्ली में पहला ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान’ प्रदान करेंगे। भारत और विदेश में योग के प्रचार-प्रसार में सकारात्मक भूमिका और जिम्मेदारी को मान्यता देने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जून 2019 में पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान की स्थापना की। सम्मान का उद्देश्य योग के संदेश के प्रसार में मीडिया के योगदान को रेखांकित करना है।
मीडिया प्रतिष्ठानों को तीन श्रेणियों में कुल 30 सम्मान दिए जाएंगे। निम्न श्रेणियों में सम्मान दिए जाएंगे:-
‘अखबार में योग का सर्वश्रेष्ठ कवरेज’ श्रेणी के तहत 11 सम्मान दिए जाएंगे।
‘टेलीविजन में योग का सर्वश्रेष्ठ कवरेज’ श्रेणी के तहत 11 सम्मान दिए जाएंगे।
‘रेडियो में योग का सर्वश्रेष्ठ कवरेज’ श्रेणी के तहत 11 सम्मान दिए जाएंगे।
सम्मान के अंतर्गत एक विशेष पदक/पट्टिका/ट्रॉफी और एक प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। योग को लोकप्रिय बनाने में मीडिया के योगदान और प्रविष्टियों का मूल्यांकन एक ज्यूरी द्वारा किया गया। इस ज्यूरी में 6 सदस्य थे और इसके अध्यक्ष भारतीय प्रेस परिषद् के चेयरमैन न्यायमूर्ति सी.के.प्रसाद थे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2015 से प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के अपने संबोधन में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विचार रखा था।