नयी दिल्ली/ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने रविवार को देश के पहले सोशल नेटवर्किंग ऐप 'एलीमेंट्स ' का लोकार्पण किया। श्री नायडू ने यहां समारोह को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी से संबंधित युवाओं को स्वदेशी ऐप विकसित करने की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए। नया भारत बनाने के लिए प्रतिभाशाली युवाओं की आवश्यकता है जो नयी खोज, नए प्रयोग और नवाचार कर सकें। उन्होंने कहा , " हमें सिर्फ नकल नहीं करनी है बल्कि नवोन्मेष करना है। नवोन्मेष ही 21 वीं सदी का मूलमंत्र है।"
उपराष्ट्रपति ने कहा कि ऐप बनाने का प्रयास देश के प्रौद्योगिकी क्षेत्र तथा प्रौद्योगिकी पेशेवरों की प्रतिभा को दर्शाता है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह स्वदेशी ऐप विभिन्न विदेशी ऐप का सक्षम और कारगर विकल्प प्रदान करेगा।
श्री नायडू ने कहा, "मुझे जान कर हर्ष हुआ कि आर्ट ऑफ लिविंग से संबद्ध एक हजार से अधिक आईटी प्रोफेशनल के सम्मिलित प्रयास से इस स्वदेशी ऐप 'एलीमेंट्स' को विकसित किया गया है। यह सराहनीय है कि यह ऐप आठ भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगा।"