केविवि के मीडिया विभाग में बीए-एमए, पत्रकारिता एवं जनसंचार के एकीकृत पाँच वर्षीय पाठयक्रम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम सम्पन्न
(प्रवेश सम्बंधी सूचना भी संलग्न .. )
मोतिहारी। मीडिया अध्ययन विभाग, महात्मा गाँधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय द्वारा 2026 सत्र के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार झा ने की। स्वागत उद्बोधन में विभाग के आचार्य डॉ. साकेत रमण ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विभाग एक परिवार है और आज का दिन इस परिवार का हिस्सा बनने का शुभ दिन है। पत्रकारिता जीवन मूल्यों को सहेजने और जीवन में सामाजिक सरोकारों के साथ आगे बढ़ने की यात्रा है और इसमें विभाग आपकी पूरी सहायता करेगा।
विभाग के आचार्य डॉ. परमात्मा कुमार मिश्र ने अपने वक्तव्य में पत्रकारिता के महत्वपूर्ण पहलुओं को साझा किया। उन्होंने विभाग में मौजूद लैब और स्टूडियो के बारे में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही डॉ. मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता की कक्षा में परस्पर संवाद आवश्यक है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बिहार लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य एवं विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अरुण कुमार भगत ने स्वाधीनता संग्राम से संदर्भित करते हुए पत्रकारिता के महत्व को बताया। प्रो. भगत ने कहा कि पत्रकारिता तथ्य के माध्यम से सत्य के अन्वेषण की यात्रा है। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता उँगलियों पर गिने जाने वाले कुछ निष्ठावान और समर्पण वाले पेशों में से एक है । लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में पत्रकारिता का एक बड़ा योगदान है। उन्होंने सब नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पत्रकारिता जगत का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार झा ने पाठ्यक्रम संबंधित जानकारी दी और मीडिया के नए आयामों के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने रैगिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा किया। डॉ. झा ने कहा कि भले ही विद्यार्थियों को मीडिया के नए आयामों में करियर बनाना हो लेकिन पत्रकारिता के मूल्यों एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी होना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने कहा कि करियर की सफलता के साथ ही बेहतर आचरण भी आवश्यक है।
धन्यवाद ज्ञापन विभाग के आचार्य डॉ. सुनील दीपक घोड़के ने किया। उन्होंने पत्रकारिता के तकनीकी पहलुओं को विद्यार्थियों को बीच रखते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की।
मंच संचालन शोधार्थी रुचि भारती ने किया। तकनीकी समन्वय शोधार्थी आशीष कुमार ने किया।
प्रवेश सम्बंधी सूचना-
मीडिया अध्ययन विभाग में बीए-एमए, पत्रकारिता एवं जनसंचार के एकीकृत पाँच वर्षीय पाठयक्रम में रिक्त सीटों (ओबीसी-एनसीएल- 03, एस सी -01, एसटी-02 और सेल्फ फाइनेंस-11 सभी वर्ग के लिए ) के सापेक्ष ओपेन कॉउंसलिंग के माध्यम से आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त, 2026 है। ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने सीयूईटी परीक्षा-2026 में शामिल नहीं हुए हैं, वह निर्धारित शुल्क जमा करके प्रवेश हेतु पंजीकरण कर सकते हैं। पाठ्यक्रम शुल्क, योग्यता और अन्य के लिए महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के वेबसाइट से विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।

