आकाशवाणी का विशेष कुंभवाणी चैनल 26 फरवरी 2025 तक चलेगा
प्रयागराज/ महाकुंभ 2025 को समर्पित आकाशवाणी के विशेष कुंभवाणी चैनल (एफएम 103.5 मेगाहर्ट्ज) का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया।
प्रयागराज में इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रसार भारती के चेयरमैन नवनीत सहगल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कुंभवाणी चैनल 10 जनवरी 2025 से 26 फरवरी 2025 तक चलेगा।
कुम्भवाणी द्वारा प्रसारित आंखों देखा हाल उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगा जो कुंभ में भाग लेने के लिए प्रयागराज नहीं आ सकेंगे।
ये इस ऐतिहासिक महाकुंभ के माहौल को देश व दुनिया तक पहुंचाने में सहायक होगा।
देश के लोक सेवा प्रसारक प्रसार भारती की ये पहल न केवल भारत में आस्था की ऐतिहासिक परंपरा को बढ़ावा देगी, बल्कि श्रद्धालुओं को महत्वपूर्ण जानकारी देगी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का घर बैठे अनुभव करवाएगी।
कुंभवाणी एक नजर में
कुंभवाणी चैनल: परिचय और प्रसारण अवधि
प्रसारण अवधि: 10 जनवरी 2025 से 26 फरवरी 2025
प्रसारण समय: प्रातः 5:55 बजे से रात्रि 10:05 बजे तक
आवृत्ति: एफएम 103.5 मेगाहर्ट्ज
कुंभवाणी के विशेष कार्यक्रम:
सजीव प्रसारण:
मुख्य स्नान पर्वों (14 और 29 जनवरी, 3 फरवरी) का आँखों देखा हाल।
कुंभ क्षेत्र की गतिविधियों पर प्रतिदिन लाइव रिपोर्टिंग।
सांस्कृतिक धरोहर पर विशेष प्रस्तुति:
धारावाहिक ‘शिव महिमा’।
भारतीय सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित विशेष कार्यक्रम।
टॉक शो:
‘नमस्कार प्रयागराज’ (प्रातः 9:00-10:00 बजे)।
‘संगम तट से’ (अपराह्न 4:00-5:30 बजे)।
विशेष स्वास्थ्य परामर्श:
‘हेलो डॉक्टर’ कार्यक्रम में स्टूडियो से डॉक्टरों द्वारा लाइव स्वास्थ्य परामर्श।
कुंभ समाचार:
प्रमुख समाचार बुलेटिन (प्रातः 8:40 बजे, अपराह्न 2:30 बजे और रात्रि 8:30 बजे)।
विशेष कवरेज:
राज्य सरकार और विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कवरेज।
युवाओं, महिलाओं और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों पर विशेष प्रस्तुतियां।
महत्वपूर्ण सूचनाएं:
यात्रा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, खोया-पाया, और क्या करें-ना करें से जुड़ी जानकारी।