पत्रकारिता कोश के संपादक हैं आफताब
मुंबई। देशभर के पत्रकारों, रचनाकारों और साहित्य व पत्रकारिता से जुड़े हुए सभी लोगों को एक सूत्र में पिरोने के लिए भारत की प्रथम मीडिया डायरेक्टरी पत्रकारिता कोश के संपादक आफताब आलम को महाराष्ट्र लोक कल्याणकारी सेवा संस्था की ओर से राष्ट्रीय एकात्मता पुरस्कार से नवाजा गया है। आफताब आलम विगत 13 वर्षों से पत्रकारिता कोश का संपादन कर रहे हैं और हाल ही में इस कोश का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है।
गौरतलब है कि गत दिनों नवीन पनवेल में महाराष्ट्र लोक कल्याणकारी सेवा संस्था, सी ऍण्ड वी सामाजिक व शैक्षणिक संस्था तथा माझगांव विद्यार्थी संघ के संयुक्त तत्वावधान में अनाथ और मंदबुद्धि के विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय एकात्मता पर आधारित एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सी एण्ड वी संस्था के अध्यक्ष डॉ. कासिम इमाम के हाथों आफताब आलम को राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नृत्य, गीत व नाटक का अनोखा संगम ‘हिन्दोस्ताँ हमारा’ नामक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। लब पे आती है दुआ..., नन्हा मुन्ना राही हूं ..... देस रंगीला देस मेरा रंगीला, ईद-मुबारक, मी हाय कोली, नगर-नगर, धुआँ, धुआँ..., आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं.... , जय हिंद..., मेरी झाँसी नही दूँगी... सुभाषचंद्र बोस, पंडीत नेहरू जैसे गीत प्रस्तुत कर उपस्थित मेहमानों का मन मोहने वाले इस कार्यक्रम में हिन्दू-मुस्लिम राष्ट्रीय एकात्मता का अनोखा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त समशेर खान पठाण, विजय त्रिभुवन, कामगार नेता श्याम म्हात्रे, प्रा. जमील कामिल, डॉ. अमोल मुंबईकर, सिडको प्राधिकरण के नियोजन अधिकारी श्री बधे, सेवानिवृत्त पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त अब्दुल कादर खान, अशुतोष त्रिपाठी, विश्वास तरकर, राणाप्रताप परदेशी, लंतरानी मीडिया की संपादक तथा शिक्षिका डॉ. मुन्नव्वर सुलताना, पत्रकार सलाम शेख, आदि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महाराष्ट्र लोक कल्याणकारी सेवा संस्था के महासचिव एन.डी. खान ने किया जबकि आभार प्रदर्शन संस्था के अध्यक्ष अशोक हिरवे ने किया।